बद्दी। शहर के दावत चौक के पास एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 11.55 बजे हुआ।
दावत चौक बद्दी पर एक ट्रैक्टर की चपेट में वर्धमान चौक की तरफ से आया मोटर साइकिल आ गया। ट्रैक्टर मोटर साइकिल को दोनों सवारों समेत काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इसमें पीछे बैठे सुरजीत कुमार (15) पुत्र जोगिंद्र ठाकुर निवासी गांव सोना चक्क जिला पटना बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। घायल की पहचान सिपु जंग पुत्र अर्जुन ठाकुर निवासी जहानाबाद बिहार के रूप में हुई है। एसपी बशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्जकर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
अवैध शराब बरामद
बद्दी। थाना नालागढ़ के तहत पुलिस ने सल्लेवाल में एक दुकान में छापा मारकर वहां से देशी शराब बरामद की। इसमें रघुनाथ सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने दुकान के एक बोरी में भरकर शराब की नौ बोतलें रखी थीं।
दो बाइकों को उड़ा ले गए चोर
बद्दी। चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक बाइक को चुरा लिया। इसमें पुलिस ने खेमचंद पुत्र केशव राम निवासी गांव शिम्लटा डाकघर कुंहर अर्की की शिकायत पर मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। खेमचंद ने बताया कि उसने अपने किराये के कमरे शिवालिक नगर झाड़माजरी के बाहर बाइक को खड़ा किया था। सुबह उठकर देखा तो बाइक गायब थी। वहीं बल्याणा के संजीव कुमार की बाइक भी चोर चुरा ले गए।