हिमाचल प्रदेश में 81 और नई पंचायतें गठित कर दी गई हैं। जनता की आपत्तियों के चलते तीन पंचायतों का गठन फिलहाल रोक दिया गया है। इनमें दो शिमला और एक सोलन की है। सोमवार को नई पंचायतों के गठन की पंचायती राज विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। 81 नई पंचायतें बनने से अब राज्य में पंचायतों की संख्या 3701 हो गई है। अभी सरकार के पास 68 और नई पंचायतों के गठन के प्रस्ताव आए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने प्रस्ताव अपनी मंजूरी के साथ ही पंचायतीराज विभाग के सचिव को भेज दिया है। इससे आने वाले तीन-चार दिनों में पंचायतों की संख्या और बढ़ जाएगी।
हिमाचल में नई पंचायतों की अधिसूचना जारी कर दी है। 20 मार्च तक वार्डों की जनसंख्या और सीमा तय करने को कहा गया है। - अनिरुद्ध सिंह, पंचायतीराज मंत्री