एमसी आयुक्त की अगुवाई में हुई बैठक में नए नक्शों को मिली मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में भवन निर्माण और कंपलीशन से जुड़े 73 नक्शों के आवेदनों को नगर निगम की हाउस प्लानिंग अप्रूवल कमेटी ने मंजूरी दे दी है। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली की अगुवाई में हुई इस बैठक में कई सरकारी भवनों के नक्शे पास किए गए।
मशोबरा में बनाए बालिका आश्रम के नए भवन की कंपलीशन को कमेटी ने मंजूरी दे दी है। इस भवन का अब इस्तेमाल किया जा सकेगा। टुटीकंडी में सामुदायिक केंद्र, पार्किंग और चौड़ा मैदान में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बन रहे बुक कैफे के नक्शे को भी कमेटी ने मंजूरी दी है। शहर के कोर एरिया में भी कुछ भवनों के ओल्ड लाइन पर निर्माण के आवेदनों को मंजूरी दी है। इनमें कर्मचारियों के आवासों के लिए बैनमोर एनेक्सी टाइप सिक्स, फाइव और फोर के नक्शों को ओल्ड लाइन के आधार पर मंजूरी दी है। एजी कार्यालय में कैंटीन के रेनोवेशन और ओल्ड कोर्ट यार्ड को कवर करने के आवेदन को भी मंजूरी मिली है।
नगर निगम ने पहली बार रिकॉर्ड 14 आनलाइन आवेदनों को भी मंजूरी दी है। यह सभी नए आवेदन हैं। इनमें ढाई मंजिल तक भवन निर्माण की मंजूरी दे दी है। अभी तक नगर निगम को इक्का दुक्का आनलाइन आवेदन ही मिल रहे थे। कुल 73 नक्शों में 14 नए भवनों के नक्शे हैं जबकि बाकी 59 आवेदन रिवाइज नक्शे और कंपलीशन से जुड़े हैं जिन्हें मंजूरी दी गई है।
शहरवासियों को मिलेगी राहत : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली ने बताया कि नए भवन निर्माण और कंपलीशन से जुड़े आवेदनों को एचपीएसी की बैठक में मंजूरी दी है। लंबे समय से नक्शे पास होने का इंतजार कर रहे लोगों को अब राहत मिलेगी। निगम नक्शे पास करने के लिए नियमित बैठकें कर रहा है ताकि लोगों को एमसी कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े।