शहर में एंबुलेंस रोड, सामुदायिक केंद्र और पार्किंग जैसे प्रोजेक्ट अब मंजूरी की औपचारिकताओं के चलते फाइलों में नहीं अटकेंगे। नगर निगम आयुक्त ने इन प्रोजेक्टों की औपचारिकताएं जल्द पूरी कर काम शुरू करने को कहा है। इन प्रोजेक्टों को गति देने के लिए अब हर तीन माह में एक बैठक होगी।
आयुक्त पंकज राय ने मंगलवार को इस मामले पर एक बैठक बुलाई। इसमें कई वार्डों के पार्षदों के अलावा एसडीएम शहरी, एसडीएम ग्रामीण और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने अपने वार्डों में अटके पड़े प्रोजेक्टों को उठाया।
कहा कि एफसीए और एफआरए की मंजूरी के चलते उनके काम नहीं हो पा रहे। पार्षद दिवाकर शर्मा ने एंबुलेंस रोड और सामुदायिक केंद्र का काम शुरू करने को मंजूरी न मिलने का मामला उठाया तो सिमी नंदा, आनंद कौशल ने एंबुलेंस रोड का निर्माण अटकने का मामला उठाया।
आयुक्त ने वन अधिकारियों से इसका कारण पूछा और कहा कि कम से कम एंबुलेंस रोड को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाए। इस दौरान पार्षदों ने खतरनाक पेड़ों का मामला भी उठाया जिस पर फैसला लिया कि जल्द ही इनका निरीक्षण किया जाएगा।
इस मौके पर पार्षद सुनील धर, किरण बावा, आरती चौहान, अर्चना धवन, सत्या कौंडल, किमी सूद, शैली शर्मा, विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।