अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। टिकट आवंटन को लेकर मची खींचतान के बीच कसुम्पटी भाजपा में बगावत हो गई है। संगठन ने एलान किया है कि अगर कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दी जाती है तो उसका विरोध किया जाएगा। पूरा मंडल सामूहिक त्यागपत्र दे देगा।
मंडल अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि बाकायदा बैठक कर मंडल ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है। अगर संगठन अपने स्तर पर बिना मंडल को विश्वास में लिए प्रत्याशी का फैसला करता है तो विरोध किया जाएगा। थोपे हुए प्रत्याशी के समर्थन में नहीं, विरोध में काम किया जाएगा। अगर मंडल के फैसले को गंभीरता से नहीं लिया जाता तो सभी कार्यकर्ता अपने पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार है। विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी में जमकर खींचतान मंची हुई है। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से अभी तक भाजपा प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया गया है, जिसके चलते पार्टी में बगावत शुरू हो गई है।