दो बसों से फिर चोरी हुई बैटरियां
14 बसों से पहले ही चोरी हुई चुकी हैं 28 बैटरियां
लोकल रूटों पर बसों का संचालन हुआ मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बैटरियां चोरी होने से एचआरटीसी की बसें खड़ी हो रही हैं। पांच दिन के भीतर शहर के बीचोंबीच टुटीकंडी क्रॉसिंग से 16 बसों की 32 बैटरियां चोरी हो गई हैं। शुक्रवार रात एचआरटीसी शिमला लोकल डिपो की बालूगंज क्रॉसिंग और डीजल पंप के पास खड़ी दो बसों से 4 बैटरियां फिर चोरी हो गई।
एक हफ्ते से भी कम समय में एचआरटीसी लोकल डिपो की 16 बसें बैटरियां चोरी होने के कारण खड़ी होने से रूट फेल होने शुरू हो गए हैं। एचआरटीसी के लिए लोकल रूटों पर बसों का संचालन मुश्किल हो गया है। पुलिस में एफआईआर के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा। शुक्रवार रात बालूगंज क्रॉसिंग और एचआरटीसी डीजल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी दो बसों की चार बैटरियां चोरी हो गई।
एचआरटीसी ने शनिवार को एक बार फिर बालूगंज पुलिस थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज करवाई। एचआरटीसी शिमला लोकल डिपो के कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक गोविंद वर्मा ने बताया कि बसों की बैटरियां चोरी होने से लोकल रूटों पर बसों का संचालन मुश्किल होता जा रहा है। डीजल पंप के पास दो चौकीदारों की तैनाती की है। शनिवार से टवेरा गाड़ी में दो इंस्पेक्टरों को भी गश्त के लिए लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि गश्त बढ़ाई है लेकिन चोरी की घटनाएं नहीं थम रहीं। बैटरियाें को ताले के भीतर रखने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। डीजल पंप के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने की कोशिश की जा रही है।
माजदा में भीतर, मिडी
में बाहर होती हैं बैटरियां
एचआरटीसी की माजदा और मिडी बसों से बैटरियां चोरी हो रही हैं। माजदा बसों में सीट नंबर 2 और 3 के नीचे बैटरियां होती हैं जबकि नीले रंग की मिडी बसों में कंडक्टर साइड के अगले दरवाजे के पीछे केबिन में बॉडी के नीचे बैटरियां होती हैं। बैटरियों में शॉट सर्किट के कारण बस में आग लगने का खतरा रहता है इसलिए इन्हें लोहे के एंगल का ढांचा बना कर ताले में रखना हितकर नहीं रहता। एक बैटरी का वजन 40 से 50 किलो तक होता है ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि बैटरी चोरी को एक या दो चोर नहीं बल्कि कोई गिरोह अंजाम दे रहा है। बसों से बैटरियां चोरी होने की घटनाओं के पीछे एचआरटीसी कर्मियों की मिलीभगत का अंदेशा जताया जा रहा है। डीजल पंप के पास से दो बार एक ही बस की बैटरी चोरी हो चुकी है।
सीसीटीवी फुटेज देख रही है पुलिस : एसपी
कार्यकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि एचआरटीसी बसों की बैटरियां चोरी होने की शिकायतें मिल रही हैं। टुटीकंडी क्रॉसिंग के आसपास गश्त बढ़ाई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। एचआरटीसी प्रबंधन से भी आग्रह किया है कि जहां रात में बसें पार्क होती हैं वहां देखरेख के लिए अपने स्तर पर भी व्यवस्था करें।