आईजीएमसी में दाखिल थे दोनों मरीज, जिले में कोरोना के 39 नए मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में कोरोना संक्रमित 13 साल के एक बच्चे समेत 2 मरीजों की मौत हो गई। इसके अलावा जिले में कोरोना के 39 नए मामले आए हैं।
बड्डू साहिब जिला सिरमौर के रहने वाले 13 साल के बच्चे को 11 फरवरी को अस्पताल में दाखिल किया था लेकिन हालत गंभीर होने के कारण शनिवार सुबह इसकी मौत हो गई। बच्चा कुछ और बीमारियों से भी ग्रसित था। शीलगांव राजगढ़ सिरमौर के रहने वाले 40 साल के एक व्यक्ति की भी कोरोना से मौत हुई है, इन्होंने कोरोना वैक्सीन नहीं लगाई थी। आईजीएमसी में अभी भी कोरोना के 32 मरीज दाखिल हैं। इनका उपचार आइसोलेशन वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। दूसरी ओर देर शाम आए 39 मामलों में से 12 केस शिमला शहर से हैं। इनमें आईजीएमसी और तेंजिन अस्पताल से 4-4, मशोबरा से 2, संजौली और सुन्नी से एक-एक मामला आया है। इसके अलावा ऊपरी शिमला के रोहड़ू से 7, नेरवा से 5, रामपुर से 4, कोटखाई, टिक्कर, कुमारसैन, चिड़गांव से दो-दो और खनेरी से एक मामला आया है।