अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के आग्रह कि बावजूद शहर के स्कूली बच्चों के अभिभावक बच्चों को स्कूल जाने ले जाने के लिए कार पुलिंग में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। वीरवार को स्कूल खुलने पर पहले ही दिन भारी संख्या में अभिभावक एक एक बच्चे को लेकर कार में स्कूल पहुंचे, जिसके कारण स्कूलों के बाहर सड़क किनारे पार्क वाहनों की कतारें लग गई।
पुलिस अधीक्षक शिमला ओमापति जमवाल ने वीरवार को सेंट एडवर्ड स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के बाहर बच्चों की सुरक्षा का भी जायजा लिया। एडीएम लॉ एंड आर्डर प्रभा राजीव और डीएसपी ट्रैफिक चमनलाल ने ताराहाल स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची। स्कूल टाइम पर शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने अभिभावकों से कार पुलिंग कर बच्चों को घरों से स्कूल छोड़ने और स्कूल से वापिस घर लगाने का आग्रह किया था लेकिन वीरवार को स्कूल खुलने के बाद पहले ही दिन अभिभावक अपनी प्राइवेट कारों में एक एक बच्चे को लेकर स्कूल पहुंचे। उधर स्कूल टैक्सी में होने वाली ओवरलोडिंग को लेकर भी वीरवार को निरीक्षण किया गया।
---
एक-एक बच्चे के लिए कार लेकर स्कूल आए अभिभावक
वीरवार को स्कूलों के बाहर बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। बहुत से अभिभावक एक एक बच्चे के लिए कार लेकर भी स्कूल आए। फिलहाल स्थिति को रिव्यू किया जा रहा है, इसके बाद कार्रवाई होगी।
- ओमापति जमवाल
पुलिस अधीक्षक, शिमला
---
स्कूलों के बाहर तैनात होंगे अतिरिक्त जवान
पुलिस अधीक्षक ओमापति जमवाल ने बताया कि स्कूलों के बाहर व्यवस्था बनाने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। सेंट एडवर्ड स्कूल के बाहर दो जवानों की तैनाती रहती है जोकि नाकाफी महसूस हो रही है, यहां दो और जवान तैनात किए जाएंगे।