नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की एक महिला की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है। महिला ने बुधवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा। मंगलवार को पीड़िता को स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर टांडा रेफर किया गया था, लेकिन बुधवार को महिला ने दम तोड़ दिया।
टांडा मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के कारण हुई मौत के बाद नादौन अस्पताल में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों ने मुंह पर मास्क लगाकर रोगियों की जांच करनी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं बुधवार को कई मरीजों ने भी मुंह पर मास्क लगाकर उपचार करवाया। नादौन अस्पताल के बीएमओ डॉ. बीएस राणा के अनुसार मृतक महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण थे। इसके चलते महिला को टेस्ट आदि करवाने के लिए मंगलवार को टांडा रेफर किया गया, लेकिन महिला ने बुधवार को टांडा में दम तोड़ दिया है। चिकित्सकों सहित मरीजों ने मास्क पहनकर ट्रीटमेंट शुरू कर दिया है। वहीं स्वाइन फ्लू से हुई महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने मृतका के परिजनों और महिला को देखने पहुंचे सभी सगे संबंधियों और रिश्तेदारों को दवाई पिलाने का निर्णय लिया है।
उधर, बीएमओ नादौन डॉ. बीएस राणा का कहना है कि महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण होने के कारण उसे टांडा रेफर किया गया था, लेकिन टांडा में महिला ने दम तोड़ दिया है।
वहीं सीएमओ डॉ. सावित्री कटवाल का कहना है कि मृतका के परिजनों और सगे संबंधी रिश्तेदारों को दवाई पिलाई जाएगी। इससे अन्य लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में न आएं।