फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारकंडा और खड़ापत्थर में बर्फबारी से थम गई रफ्तार

Fri, 16 Nov 2018 11:19 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में बुधवार रात सीजन का पहला हिमपात हुआ। कुफरी की महासू पीक, नारकंडा की हाटू पीक और खड़ापत्थर की गिरि गंगा वैली बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। समय से पूर्व हुई इस बर्फबारी से पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। सेब की अगली फसल के लिए भी यह बर्फबारी फायदेमंद बताई जा रही है।

विज्ञापन


बुधवार रात बर्फबारी के बाद वीरवार सुबह तड़के कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से प्रभावित हुई। सड़क पर बर्फ होने के कारण फिसलन के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि दोपहर तक सड़क से बर्फ पिघल गई। बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट से शहर के लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। शिमला के पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी के बाद आने वाले दिनों में सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।

सैलानियों ने होटलों में फोनकर बर्फबारी को लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी है। 15 नवंबर से पहले बर्फबारी शुरू होने से विंटर टूरिस्ट सीजन लंबा चलने की उम्मीद है। ऐसे में पर्यटन कारोबार से जुड़े हजारों लोगों को उत्साहित हैं। कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में ताजा बर्फबारी की खबर नेशनल चैनलों में चलने के बाद शहर और आसपास के इलाकों में होटल के कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
विज्ञापन


पर्यटन के लिए संजीवनी साबित होगी बर्फबारी : कुकरेजा
15 नवंबर से पहले हुई बर्फबारी टूरिज्म इंडस्ट्री के लिए संजीवनी साबित होगी। बर्फबारी को लेकर होटलों में
इनक्वायरी आनी शुरू हो गई है। विंटर टूरिस्ट सीजन लंबा चलने से पर्यटन कारोबार से जुड़े सभी लोग लाभान्वित होंगे। -हरनाम सिंह कुकरेजा अध्यक्ष, होटिलियर एसोसिएशन शिमला

राजधानी में रातभर गरज-गरज कर बरसे मेघ
बुधवार रात जब कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में बर्फबारी हो रही थी तो राजधानी शिमला में गरज-गरज के साथ जोरदार बारिश होती रही। बारिश से शहर के तापमान में भारी गिरावट आई है। शहर का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री गिरकर 3.3 डिग्री पहुंच गया है। बुधवार को शहर में 15.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें