अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग ने इस सर्दियों में पड़ने वाली बर्फ से निपटने के लिए 2 जेसीबी मशीनों के साथ रोबोट और दर्जनों मजदूर तैनात कर दिए हैं। इसके अलावा अधिक बर्फबारी होने पर विभाग ने निजी ठेकेदारों से उनकी मशीनें भी बुक करवा ली हैं। साथ ही कोहरे पर फिसलन न हो, इसके लिए उसके ऊपर रेत बिछाने के लिए विभाग ने सड़क किनारे रेत के ढेर लगाने शुरू कर दिए हैं। शिमला शहर में बर्फ पड़ने पर सड़कों पर वाहनों को चलाना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर बर्फ और कोहरे पर गाड़ियों के फिसलन की अधिक संभावना बनी रहती है। जिस क्षेत्र में धूप कम लगती है, उन क्षेत्रों में हादसों की अधिक संभावना बनी रहती है। बीते सालों में कोहरे पर गाड़ियों के स्किड होने से दर्जनों हादसे हुए जिनमें कई लोगों की जानें भी गई हैं। इसके साथ कई दिन तक बर्फ से सड़कें बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा है।
बर्फबारी में खुद मौजूद रहेंगे सहायक अभियंता
लोक निर्माण विभाग के डिवीजन एक के तहत आने वाले सभी सब डिवीजनों के सहायक अभियंताओं ने अपने-अपने स्तर पर उनकी तहत आने वाली सड़कों से बर्फ हटाने के लिए मशीनें और मजदूर तैनात कर दिए हैं। बर्फबारी होने पर सहायक अभियंता खुद कनिष्ठ अभियंताओं के साथ मौके पर मौजूद रह कर सड़कों से बर्फ साफ करवाएंगे।
बर्फबारी से निपटने को विभाग तैयार
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अयूब चौधरी ने बताया कि इस साल होने वाली बर्फबारी से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि बर्फ हटाने के लिए जेसीबी मशीनें और रोबोट के साथ मजदूर तैनात कर दिए हैं।