प्रदेश में 6301 पंचायत प्रतिनिधियों को निर्विरोध चुन लिया गया है। प्रदेश की 100 पंचायतों में चुनाव ही नहीं होंगे, क्योंकि यहां प्रतिनिधि निर्विरोध चुन लिए गए हैं। सबसे ज्यादा 1374 उम्मीदवारों का शिमला में सर्वसम्मति से चयन किया गया है।
यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डा. अश्वनी कुमार शर्मा ने दी है। ये चुनाव जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों के लिए होने जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के मद्देनजर कुल 63,615 नामांकन भरे गए।
इनमें 44,698 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बिलासपुर जिले में 272, चंबा जिले में 343, हमीरपुर जिले में 480, किन्नौर जिले में 265, कुल्लू जिले में 605, मंडी जिले में 461, शिमला जिले में 1374, सोलन में 959, सिरमौर में 918 और ऊना में 624 पंचायत प्रतिनिधियों को निर्विरोध चुन लिया गया है।
बिलासपुर को छोड़कर अन्य नौ जिलों में निर्विरोध पंचायतें बन गई हैं। इनमें चंबा में 1, हमीरपुर में 2, किन्नौर में 13, कुल्लू में 6, मंडी में 11, शिमला में 24, सोलन में 11, सिरमौर में 30 और ऊना में दो पंचायतें निर्विरोध बन चुकी हैं।