केरल की 31 वर्षीय एनी शिवा इन दिनों चर्चा में हैं। वह महिलाओं के लिए किसी मिसाल से कम नहीं हैं। कभी नींबू पानी और आइस्क्रीम बेचकर गुजारा करने वाली एनी आज सब इंस्पेक्टर बन गई हैं। एनी ने यह मुकाम काफी मुश्किलों का सामना करने के बाद पाया है। एक वक्त ऐसा था जब उन्हें 18 साल की उम्र में एक बच्चे के साथ छोड़ दिया गया था।
हालांकि हालात से लड़कर वह वर्कला पीएस में सब-इंस्पेक्टर बन गई हैं। शिवा कहती हैं कि मैंने सभी बाधाओं को पार करके यह लक्ष्य हासिल किया। मुझे यह देखकर खुशी होगी कि अन्य महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने के लिए मेरे जीवन से प्रेरणा मिलती है।
उतार-चढ़ाव भरी है जिंदगी
एनी शिवा की कहानी काफी उतार-चढ़ाव से भरी हुई है। कांजीरामकुलम के केएनएम गवर्नमेंट कॉलेज में जब वह प्रथम वर्ष की छात्रा थीं, उसी समय उन्हें एक लड़के से प्यार हो गया। उन्होंने घरवालों के सामने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन किसी ने इसे स्वीकार नहीं किया। आखिरकार परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर एनी ने शादी कर ली। हालांकि, दो साल में ही दोनों अलग हो गए और एनी अपने छह माह के बच्चे के साथ अकेली रह गईं।
मेहनत है तो सफलता दूर नहीं
साल 2014 में एक दोस्त की सलाह पर एनी ने एसआई परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। महिला पुलिस अधिकारी के पद के लिए उन्होंने एक परीक्षा भी दी। मेहनत रंग लाई। 2016 में उन्होंने सिविल ऑफिसर के रूप में शुरुआत की और साल 2019 में एसआई का टेस्ट भी क्रैक कर लिया। परिवीक्षा अवधि पूरी करने के बाद शनिवार को उन्होंने वर्कला ग्रामीण पुलिस सब डिवीजन में सब इंस्पेक्टर के पद पर ज्वाइन किया है।
एनी कहती हैं, अपने मन की शादी करने के बाद यदि लड़की वापस लौट आए (पति का घर छोड़कर) तो माता-पिता उसे स्वीकार करने के लिए तैयार होते हैं, लेकिन ऐसा करने में वे समाज से डरते हैं। इस सोच को बदलना होगा।