भीलवाड़ा में गाली देने से रोकने पर गुस्साए लोगों ने होटल संचालक पर हमला कर दिया। जिसमें होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। होटल संचालक की रविवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार राघवेंद्र रायला अजमेर हाईवे पर खाने की होटल चलाता है। वह उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला था। शनिवार को राघवेंद्र के होटल में कुछ लोग खाना खाने के लिए आए। खाना खाने के बाद उन लोगों में पैसों को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद ग्राहक राघवेंद्र से गाली गलौज करने लगे।
राघवेंद्र ने उन लोगों को गाली देने से टोका। इस पर वे लोग गुस्सा हो गए एक लकड़ी से राघवेंद्र के सिर पर वार कर दिया। हमले में होटल संचालक राघवेंद्र गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आननफानन में राघवेंद्र को पहले रायला पीएचसी लगाया गया, जहां से उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।
भीलवाड़ा से फिर राघवेंद्र को उदयपुर रैफर कर दिया गया लेकिन रविवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में उत्तरप्रदेश के बलिया निवासी राजकुमार पुत्र विनोद पाठक, आशीष पुत्र जयराम पाठक और विश्वजीत पुत्र जयप्रकाश सिंह को गिरफ्तार किया है।