इस अपार्टमेंट में पति और बेटी के साथ रहती थी नेहा।
- फोटो : सोशल मीडिया
उदयपुर के प्रतापनगर में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसे उसके फ्लैट में घुसकर तीन गोलियां मारी। एक गोली महिला के सिर के आर-पार हो गई। बदमाशों ने जिस समय महिला को गोली मारी वह अपनी नौ महीने की बच्ची के साथ अकेली थी। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 साल की नेहा कुमारी पत्नी चंदन सिंह बिहार की रहने वाली थी। पति-पत्नी अपनी नौ महीने की बच्ची के साथ सुंदरवास के शिवज्योति अपार्टमेंट में रहते थे। बुधवार को पति जॉब पर गया था और महिला अपनी बच्ची के साथ घर पर थी।
दोपहर करीब तीन बजे दो युवक अपार्टमेंट पहुंचे। दोनों ने अपार्टमेंट के गार्ड की बेटी से नेहा के फ्लैट की जानकारी ली। इसके बाद तीसरे मंजिल पर पहुंचकर घंटी बजाई। नेहा के दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी। उन्होंने तीन राउंड फायरिंग की, एक गोली नेहा के सिर के आर-पार हो गई। उधर, गोली की आवाज से डरी नौ महीने की बेटी रोती रही।
सात मिनट में हत्या कर हुए फरार
हत्या की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसने दो हत्यारे दिखाई दिए। दोनों 3:10 पर अपार्टमेंट में पहुंचे और 7 मिनट में नेहा की हत्या कर फरार हो गए। चहरे पर नकाब होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है।