राजस्थान के जयपुर में एक पति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की बेवफाई से तंग आकर पीड़ित पति ने ये कदम उठाया। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
युवक ने सुसाइड नोट में लिखा कि मेरी पत्नी के साडू के साथ अवैध संबंध हैं। पत्नी और ससुराल वालों से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा हूं। इधर, पुलिस मालपुरा गेट थाना पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता ने उसकी पत्नी सहित ससुरालवालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करवाया है।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार हिण्डौन करौली के रहने वाले प्रहलाद सैन (27) ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतक युवक गोवर्धन नगर सांगानेर में किराए से रहता था और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।
बीती 29 जून को उसने शिकारपुरा स्थित रेलवे ट्रेक पर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर मालपुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई और शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। बाद में शव का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक प्रहलाद की जेब में पुलिस को सुसाइड नोट मिला। जिसे उसने मरने से पहले लिखा और फिर अपने जेब में रख लिया था। सुसाइड नोट में युवक ने लिखा- मैं अपने साढू योगेन्द्र सैन, नगेन्द्र सैन, उसका साला मनमोहन और उनके घरवालों से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा हूं।
मेरी पत्नी के साडू योगेन्द्र के साथ नाजायज संबंध हैं। मेरी पत्नी और ससुरालवालों से मुझे बहुत परेशान कर दिया है, इस कारण मैं जान दे रहा है। मेरी मौत के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कर सजा दी जाए। इसी सुसाइड नोट के आधार पर मृतक प्रहलाद के पिता भरोसी लाल ने सभी आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।