शहर के सवीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बदूंक की दुकान के बारूद में हुए ब्लास्ट से दो लोगों की मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि मरने वालों में एक का शव सीढ़ियों पर तो दूसरे का शव सड़क पर जाकर गिरा। सवीना सब्सिडी सेंटर में दोपहर तीन बजे के आसपास हुए धमाके की गूंज 300 मीटर तक सुनाई दी।
सवीना स्थित राजेन्द्र देवपुरा एंड कंपनी की बिल्डिंग में बन्दूकों के निर्माण व खरीद-फरोख्त का काम होता है। यहां मंगलवार दोपहर अचानक एक धमाका हुआ। आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो पता चला कि पास ही बंदूक बनाने वाली दुकान में ये भयानक हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में बारूद भी था, जिसमें विस्फोट होने से ये हादसा हुआ। धमाके में दुकान की खिड़कियां व दरवाजे धराशाई हो गए। अंदर काम रहे दो लोगों की भी मौत हो गई, जिनकी शव क्षत-विक्षत होकर धमाके के साथ बाहर आ गिरे।
मृतकों में दुकान के मालिक राजेन्द्र देवपुरा तथा एक मजदूर शामिल हैं, जिनके शवों को शहर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। आईजी अजयपाल लाम्बा, एसपी योगेश गोयल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छगन पुरोहित ने मौके पर पहुंच कर स्थित का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार दुकान के मालिक राजेंद्र देवपुरा के पास दिसंबर 2023 तक का लाइसेंस था। जिन्होंने रिन्युअल के लिए अप्लाई कर रखा था। ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल की टीम जांच कर रही है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए दुकान के आसपास का इलाका सील कर दिया गया है। बाकी बातें जांच बाद ही सामने आएंगी।