बेकाबू कार ने चार को मारी टक्कर।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के माली कॉलोनी क्षेत्र में बीती रात एक बेलगाम काले रंग की ऑडी कार ने चार राहगीरों को कुचल दिया। घायलों में एक एन्टी करप्शन ब्यूरो के डीआईजी राजेन्द्र गोयल का बेटा भी है। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है।
बीती रात 11 बजे एक काले रंग की ऑडी बेकाबू होकर माली कॉलोनी मेन रोड पर दो बाइक सवार, एक फ्रूट विक्रेता और एक अन्य राहगीरों को चपेट में लेते हुए फरार हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार चालक शराब के नशे में चूर था। कार की स्पीड और स्टेरिंग पर उसका नियंत्रण नहीं था। हादसे में सबसे ज्यादा चोटें एसीबी के डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल के पुत्र उत्कर्ष गोयल को आई।
उत्कर्ष बाइक पर सवार था। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे गिर गई। उसके सिर पर गंभीर चोट आने से काफी खून बह गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उत्कर्ष को फौरन एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। देर रात में गीतांजलि हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया।
वहीं, एक सब्जी और फ्रूट विक्रेता को भी कार ने हिट किया। उसका ठेला पलट जाने से माल की क्षति हुई। ऑडी कार की नंबर प्लेट दुर्घटना स्थल पर टूट कर गिर गई, जिसे वहां मौजूद लोगों ने पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने दुर्घटना होने के 16 घंटे बाद कार बरामद करना कबूल किया है। कार चालक का नाम रमेश लोहार बताया जा रहा है जो बम्बोरा कस्बे का रहने वाला है।