उदयपुर जिले की खेरवाड़ा थाना पुलिस की टीम ने गुरुवार को नाकाबंदी में अहमदाबाद की ओर से आ रही एक कार में सवार दो अभियुक्तों को डिटेन कर 40 लाख रुपये कीमत के सोने के बिस्किट जब्त किए हैं। डिटेन किए गए आरोपी मगन पुत्र अमरा थाना क्षेत्र के कटेवडी एवं राहुल पुत्र नाथूलाल गांव छाणी निवासी है।
एसपी योगेश गोयल ने बताया, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल व सीओ राजीव राहर के सुपरविजन में एसएचओ दिलीप सिंह झाला मय टीम द्वारा गुरुवार को नाकाबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद इनोवा कार जो अहमदाबाद से खेरवाड़ा की तरफ आ रही है, उसमें अवैध रूप से सोना लाया जा रहा है। सूचना पर गाड़ी को रुकवा कर चेक किया गया। कार में सवार मगन एवं राहुल के पास मिली निविया क्रीम की डिबिया में सोने के 542 ग्राम के बिस्किट मिले। दोनों व्यक्तियों के पास सोने से संबंधित कोई कागजात नहीं मिले।