उदयपुर में फिर से छात्रों के बीच चाकूबाजी।
- फोटो : अमर उजाला
उदयपुर शहर में छात्र देवाराज चाकूबाजी हत्याकांड के बाद एक बार फिर स्कूली छात्रों के बीच चाकूबाजी का मामला सामने आया है। गुरुवार को प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के बाहर चाकूबाजी की घटना हुई है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में स्कूली छात्रों के बीच मामूली विवाद के बाद एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि छात्र ने चाकू पकड़ लिया, जिससे उसे गंभीर चोट नहीं आई है। स्कूल के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन छात्रों को हिरासत में लिया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार एक छात्रा को फरार बताया जा रहा है। पुलिस अब परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच में जुट गई है।
वारदात में समुदाय विशेष के छात्रों के शामिल होने का आरोप
घटना के बाद पीड़ित छात्र के साथ प्रताप नगर थाने पर पहुंचे खटीक समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र के ऊपर हमले में समुदाय विशेष के अन्य छात्र भी शामिल हैं। उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यदि पुलिस ने उन्हें जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो खटीक समाजऔर हिंदू समाज द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
स्कूल के बाहर चाकूबाजी की दूसरी घटना
गत 16 अगस्त को भी उदयपुर में एक राजकीय स्कूल के बाहर इसी तरह चाकूबाजी की घटना हुई थी। इस बहुचर्चित मामले में छात्र देवराज की मौत हो गई थी। चाकूबाजी की इस वारदात के बाद उदयपुर शहर में इस हत्याकांड के बाद तनाव की स्थिति बनी रही थी। बहरहाल शुक्रवार की वारदात के बाद शहर में पुलिस एक बार फिर अलर्ट हो गई है।