मुड्डे पर बैठकर पूजा करते कटारिया
- फोटो : Social Media
एक बार फिर गुलाबचंद कटारिया हिंदू देवी-देवताओं के अपमान को लेकर विवादों में फंस गए हैं। नेता प्रतिपक्ष का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो मुड्डा लगाकर शिवलिंग से ऊंचे बैठे हैं। शिवलिंग कटारिया के पैर के पास दिखाई दे रही है। जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है।
देवी-देवताओं के अपमान को लेकर चित्तौड़गढ़ जिले के आम आदमी पार्टी के जिला कॉर्डिनेटर अभियंता अनिल सुखवाल ने गुलाबचंद कटारिया को घेरा है। उन्होंने कटारिया की निंदा करते हुए कहा कि कटारिया बार-बार हिंदू धर्म ग्रंथों, हिंदू महानायकों सहित देवी देवताओं का अपमान करते रहते हैं। इनका दिल और दिमाग एकदम सड़ा हुआ है और कुंठित हो चुका है।
अनिल सुखवाल ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की अराधना श्रीराम जमीन पर बैठ कर करते थे। लगता है राम सिर्फ भाजपा नेताओं के वोट मांगने का जरिया बन गए हैं। ये हिंदू धर्मावलंबियों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि कटारिया का ओछापन भाजपा की अंदरूनी सच्चाई बयां कर रही है।
अनिल सुखवाल ने कटारिया पर जैन समाज का भी दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म का अपमान करके कटारिया हिंदू देवी-देवताओं का ही नहीं बल्कि महावीर स्वामी और जैन तीर्थंकरों का भी अपमान कर रहे हैं क्योंकि सभी तीर्थंकर भी हिंदू धर्म से ही थे। उन्होंने कटारिया से हिंदू और जैन समाज से माफी मांगने की मांग की। इससे पहले भी गुलाबचंद कटारिया ने रावण और सीता माता, महाराणा प्रताप सहित भीमराव आंबेडकर पर भी विवादित बयान दे चुके हैं।
क्या है वीडियो में
गुलाबचंद कटारिया अपने जन्मदिन पर बुधवार को उदयपुर के त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके पूजा करने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो अपनी पत्नी और नातिन के साथ त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर में ऊंचे मुड्डे के आसन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वहीं शिवलिंग उनके पांवों के नजदीक नीचे रखी दिख रही है। जबकि महादेव का अभिषेक कराने वाला पंडित नीचे बैठ कर अभिषेक करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू समाज में रोष है।