उदयपुर के पूर्व विधायक और असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया पर उदयपुर से कांग्रेस प्रत्याशी गौरव वल्लभ ने आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से भी कर दी है।
गौरव वल्लभ ने आरोप लगाया है कि कटारिया ने यहां बीजेपी प्रत्याशी ताराचंद जैन के समर्थन में प्रचार कर आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया है। इसकी शिकायत उन्होंने यहां चुनाव पर्यवेक्षक से की है।
राष्ट्रपति से लेकर चुनाव आयोग को भेजी शिकायत
गौरव वल्लभ ने चुनाव आयोग के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी कटारिया का शिकायती पत्र भेजा है। उनका आरोप है कि राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी ताराचंद जैन के समर्थन में कर रहे हैं, जोकि यह स्पष्ट दर्शाता है कि किस तरीके से एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अपने पद का अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर रहा है। उन्होंने गुलाबचंद कटारिया के मूवमेंट पर भी रोक लगाने की मांग की है, जिससे प्रदेश में और संभाग में एक आदर्श आचार संहिता की पालना हो सके।