झालावाड़ के थाना पनवाड़ क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में बन रहे जीएसएस के निर्माण कार्य के दौरान एक इंजीनियर को तलवार से धमका कर निर्माण कार्य रुकवाने और राज्य कार्य बाधित करने के मामले में पुलिस ने आरोपी बालचंद गुर्जर पुत्र जयराम (32) निवासी गणेशपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से तलवार भी जब्त कर ली गई है।
झालावाड़ एसपी मोनिका सेन ने बताया कि शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कुछ फोटो वायरल हुई थी। जिसमें एक युवक तलवार लहरा कर किसी को धमका रहा था। वायरल वीडियो के बारे में थानाधिकारी पनवाड़ अशोक कुमार ने जानकारी ली तो घटना 17 मार्च को जीएसएस आकोदिया के निर्माण कार्य की निकली। निर्माण कार्य के दौरान आरोपी बालचंद गुर्जर द्वारा तलवार लेकर जेईएन महेन्द्र सिंह हाडा को धमकाने और राजकार्य में बाधा उत्पन्न करना पाया गया। जिस पर महेन्द्र सिंह हाडा से रिपोर्ट प्राप्त कर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया गया।
एसपी सेन ने बताया कि थानाधिकारी पनवाड़ अशोक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बालचंद गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके विरूद्व पहले भी राजकार्य में बाधा, लूट, अपहरण जैसी संगीन धाराओं में प्रकरण विभिन्न थानों में पंजीबद्व हैं।