धौलपुर के बाड़ी शहर में युवक के साथ पुलिस हिरासत में मारपीट का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर बवाल काटा। आक्रोशित लोगों ने बाड़ी- बसेड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों में पत्थरबाजी हुई। जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में बाड़ी शहर निवासी कृष्णा पुत्र हरि सिंह कुशवाह को बाड़ी गुम्मट पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था। पुलिस के मुताबिक कृष्णा शराब के नशे में पुलिस चौकी पहुंचा था। शराब पीने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बाड़ी सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इतने में ही परिजनों को पता चला कि पुलिस की पिटाई से युवक की तबीयत बिगड़ी है, जिसके बाद उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने बाजार में जमकर हंगामा किया और सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की खबर सुनकर एसपी ने स्थानीय पुलिस के साथ आरएसी और पुलिस लाइन से अतिरिक्त फोर्स भेजी। इस दौरान पुलिस और परिजनों के साथ अन्य लोग भी आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से करीब आधे घंटे तक पथराव किया गया और फायरिंग की गई। वहीं पुलिस ने उपद्रव मचाने को लेकर कुछ लोगों को राउंडअप किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है