कार द्वारा जोधपुर से राजकोट, गुजरात ले जाए जा रहे 52.835 किलो चांदी के बिस्किट एवं ज्वेलरी के साथ 3.50 लाख रुपये की नकदी जब्त कर आबूरोड रीको पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने यह सामान कार में पीछे की सीट के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स में कपड़ों के तीन थैलों में छिपाकर रखा था। बिस्किट, ज्वेलरी एवं नकदी मिलाकर पूरे सामान की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
आबूरोड रीको थानाधिकारी सीताराम की अगुवाई में गठित टीम द्वारा पुलिस चौकी मावल के सामने नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की गई थी। पुलिसकर्मियों ने आबूरोड से गुजरात की तरफ जा रही एक कार को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली तो उसमें सीट के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्सनुमा खांचे में से सफेद कपडे़ के तीन बैगों से चांदी के बिस्कीट व ज्वेलरी एवं 3.50 लाख रुपये की नकदी मिली।
पूछताछ में कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाने पर राजकोट, गुजरात निवासी मीत पटेल पुत्र रमेशभाई पटेल एवं हितेशभाई पुत्र केसुभाई पटेल को गिरफ्तार किया गया है। बिस्किट व ज्वेलरी का कुल वजन पैकिंग सहित 52.835 किलोग्राम होना पाया गया तथा इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है।