आधार कार्ड केंद्र पर बैठे हुए लोग
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिले के आबूरोड शहर में बीते लंबे समय से पांच में से चार आधार कार्ड केंद्र बंद पड़े हैं। शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर सांतपुर ग्राम पंचायत के समीप एक केंद्र चालू है। ऐसे में आधार कार्ड बनवाने, संशोधन एवं अपडेट करवाने की सारी व्यवस्थाएं इसी केंद्र के भरोसे है। लोगों को इन कार्यों के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि पूर्व में आबूरोड में मुख्य पोस्ट ऑफिस, बीएसएनएल ऑफिस, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं केशरगंज क्षेत्र स्थित पंचायत समिति कार्यालय परिसर में आधार केंद्र स्थापित थे। जहां पर आधार कार्ड बनवाने, संशोधन एवं अपडेट करवाने की सारी व्यवस्थाएं थी। लेकिन, बाद में एक-एक करके सभी जगह पर ये सुविधाएं बंद हो गई। वर्तमान में लोगों को अपने हर छोटे बड़े काम के लिए सांतपुर गांव के आधार कार्ड केंद्र पर जाना पड़ रहा है।
यह केंद्र मुख्य रोड से भी एक किलोमीटर दूर है, जिन लोगों के पास खुद के वाहन नहीं होते हैं, उन्हें या तो पैदल या फिर ऑटो लेकर यहां तक पहुंचना पड़ रहा है। इसके लिए मुंह मांगा किराया चुकाना पड़ता है। इसके बाद आधार केंद्र पर सुबह से ही भीड़ भाड़ हो जाती है। लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
यह मामला अभी मेरी जानकारी में आया है। सूचना एवं तकनीकी विभाग के सबंधित अधिकारियों को लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी देंगे। वहां से अनुमति मिलने के बाद ही आधार कार्ड शुरू हो सकता है।
वीरमाराम, उपखंड अधिकारी, आबूरोड