जयपुर में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एमादुद्दीन अहमद खान उर्फ दुर्रु मियां के पीए के घर डकैती हो गई। घर के नौकरों ने ही पीए और उनके घर के सदस्यों पर हथौड़े से हमला कर बंधक बना लिया। जिसके बाद आरोपी नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के पीए रह चुके मैथिलीशरण शर्मा को दो नौकर और तीन नौकरानियों ने बंधक बना लिया। फिर उन्होंने मैथिलीशरण पर हथौड़े से हमला कर दिया। उन्होंने घर मालिक की पत्नी से भी मारपीट की। आरोपियों ने घर के सभी लॉकर और अलमारी से लाखों रूपये और जेवरात लेकर फरार हो गए। पांचों नौकर नेपाल के बताए जा रहे हैं।
नौकरों का नहीं करवाया था वेरिफिकेशन
घर मालिक मैथिलीशरण के बेटे ने जैसे-तैसे हाथ पैर खोले और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की है। घर में सीसीटीवी भी नहीं लगा। वहीं घर में नौकर रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को कंट्रोल रूम से पता चला कि डकैत एक्सप्रेस हाइवे पर मैथलीशरण की कार छोड़कर फरार हो गए हैं। आरोपी घर से छह मोबाइल लेकर भी फरार हो गए। कार से पुलिस को कई मोबाइलों की सिम भी मिली हैं। पुलिस मोबाइल को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है।
मैथिलीशरण शर्मा का है प्रॉपर्टी का व्यवसाय
मैथिलीशरण शर्मा कांग्रेस सरकार में पूर्व चिकित्सा मंत्री दुरु मियां के पीए रह चुके हैं। उनका प्रॉपर्टी का बड़ा व्यवसाय भी है। उनका बेटा मोहित भी प्रॉपर्टी का ही काम करता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक्सप्रेस हाईवे और टोल नाकों पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया है।