राजस्थान के नागौर जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लाडनू हाईवे के बुरडी फांटा पर एक ट्रक और क्रूजर गाड़ी के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक एक ही परिवार के थे।
नागौर जिले में सुरपालिया थाना क्षेत्र के लाडनू हाईवे पर बुरडी फांटे के पास सवारी क्रूजर गाड़ी में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि भिड़ंत में पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान चीख-पुकार सुनकर सुरपालिया थाना पुलिस सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को क्रूजर गाड़ी से बाहर निकाला।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 12 श्रद्धालुओं को सुरपालिया थाना पुलिस एंबुलेंस की सहायता से नागौर के राजकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय लाई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद नागौर से पांच लोग (तीन महिलाएं दो पुरुषों) को जोधपुर रेफर कर दिया। पांच मृतकों के शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही सात घायलों का इलाज जेएलएन अस्पताल में चल रहा है।
विज्ञापन
बता दें, सभी मृतक सीकर जिले के रींगस के पास आबावास गांव के एक ही परिवार के रहने वाले हैं। वहीं सूचना मिलते ही नागौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा, नागौर सीओ विनोद कुमार शिपा, कोतवाली थाना अधिकारी हनुमान सिंह चौधरी, नागौर एसडीम सुरेश पवार और पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिए। इसी दौरान जिला कलेक्टर पीयूष सांमरिया और पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी भी पहुंच गए। वहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। साथ ही कलेक्टर ने पल-पल की अपडेट देने को कहा।