राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एक नकली किन्नर को बधाई मांगना महंगा पड़ गया। नकली किन्नर को देखकर असली किन्नरों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने उसकी जमकर पिटाई लगा दी। इसके बाद उसके बाल भी कटवा दिया। यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। हालांकि, किसी भी पक्ष ने अब तक इसे लेकर कोई केस दर्ज नहीं कराया है।
शहर के वार्ड 53 में रहने वाली किन्नर नेहा ने बताया कि एक नकली किन्नर कई दिन से चूना फाटक इलाके में दुकानदारों से बधाई मांग रहा था। जानकारी लगने पर तलाश कर उसे ऐसा नहीं करने की समझाइश दी, लेकिन वह नहीं माना। मंगलवार को वह युवक नकली किन्नर बनकर एक बार फिर बधाई लेने पहुंच गया। सूचना मिलने पर हम साथियों के साथ वहां पहुंचे तो वह दुकानदारों से पैसे लेता हुआ मिला।
इस दौरान अन्य किन्नरों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद असली किन्नरों ने उसके साथ मारपीट कर दी। साथ ही उसके बाल भी कटवा दिए। किन्नरों का कहना है कि युवक दोबारा से ऐसा कर हमें बदनाम न करे इसलिए उसके बाल काट दिए। अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष ने केस दर्ज नहीं कराया है।