कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी
- फोटो : सोशल मीडिया
कांग्रेस विधायक द्वारा दुष्कर्म पीड़िता और उसकी मां की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया। आयोग ने राजस्थान पुलिस को नोटिस जारी कर पूछा कि विधायक वेद प्रकाश सोलंकी के खिलाफ केस दर्ज करने में देरी क्यों की गई? साथ ही आयोग ने सात दिन के अंदर मामले की पूरी रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने बुधवार को मामले की सुनवाई की। इस दौरान राजस्थान पुलिस महानिदेश की तरफ से पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल आयोग के समक्ष उपस्थित हुए। आयोग ने उनसे विधायक के खिलाफ केस दर्ज करने में देरी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही निर्देश दिया कि सात दिन के अंदर केस की पूरी रिपोर्ट दी जाए। आयोग हर सप्ताह केस की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश भी दिए हैं।
बतादें कि महिला आयोग ने तीन मई को विधायक के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश पुलिस महानिदेशक को दिए थे। आयोग के अनुसार उसकी ओर से सुनवाई के लिए नोटिस दिए जाने के बाद 17 मई को विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।