विश्व हिंदू परिषद हर रविवार चर्च के सामने करेगा हनुमान चालीसा का पाठ।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जोधपुर में लोगों का धर्मांतरण किया जा रहा है। तमिलनाडु, केरला, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों से आए मिशनरी के लोग तेजी से धर्मांतरण का काम कर रहे हैं। यह दावा विश्व हिंदू परिषद महानगर के प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल ने किया। रोटरी क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा, शहर के बाहरी इलाके कुड़ी, बासनी, शोभावतों की ढाणी में रहने वाले गरीब लोगों का बहला फुसलाकर धर्म परिवर्तन किया जा रहा है।
महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि कुड़ी क्षेत्र के 15 परिवार से विहिप ने संपर्क किया। इस दौरान सामने आया कि करीब 150 परिवार मिशनरी के संपर्क में हैं और जल्द ही सभी का धर्म परिवर्तन होने की संभावना है। हर रविवार को बस्तियों से लोगों को चर्चों में ले जाया जा रहा है और प्रलोभन देकर धर्मांतरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, दक्षिण भारत सहित दूसरे राज्यों से आने वाले मिशनरी के लोगों पर सीआईडी नजर रखे। सरकार को इस तरह के प्रयास करने चाहिए। रविवार को कच्ची बस्ती में प्रशासन विशेष रूप से निगरानी भी रखें।
गोयल ने बताया कि विहिप का प्रतिनिधि मंडल जल्द ही प्रदेश के विधायकों से मिलकर धर्मांतरण पर कड़ा कानून बनाने की मांग करेगा। सरकार पर भी इसके लिए दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश , हिमाचल, उत्तराखंड और गुजरात में इसके लिए कानून बना हुआ है। इसी तरह का कानून प्रदेश में भी बनाया जाना चाहिए।
गोयल ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा हर शनिवार व रविवार को सेवा बस्ती में जन जागरण का कार्य संतों को साथ लेकर किया जाएगा। साथ ही अगले रविवार से विहिप चर्च के बाहर हनुमान चालीसा पाठ करने का अभियान भी चलाएगा।