राजस्थान में तेज बारिश का दौर जारी है। सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मंगलवार को भी भारी से अति भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार सोमवार को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, उदयपुर, चित्तौडगढ़़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही सहित कई जिलों में बिजली की चमक और बादलों की गरज के साथ भारी बरसात होने की संभावना है।
इसके अलावा मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़, धौलपुर और जयपुर जिलों में भारी बरसात हो सकती है। इस संबंध में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पूर्वी राजस्थान के टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा, करौली, झालावाड़, दौसा, बूंदी और बारां जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।