राजस्थान में नागौर जिले के जायल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग समेत पांच लोगों द्वारा 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, इनमें से एक नाबालिग है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पिता ने रविवार की रात मामला दर्ज कराया था और जिसके बाद हमने इस पर तुरंत कार्रवाई की। मगलवार तक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसमें कि एक नाबालिग है।
सर्किल अधिकारी रामेश्वर लाल ने कहा है कि किशोरी को उसके पड़ोसी हरिप्रसाद ने पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को किसी काम से अपने घर बुलाया था। जहां चार अन्य लोग पहले से ही मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने किशोरी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया और घटना के बारे के किसी को बताने पर पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता इस घटना के बाद बहुत डर गई और अवसादग्रस्त हो गई थी। उसके परिजन ने उसके व्यवहार में आये बदलाव को देखकर इसका कारण जानना चाहा, जिसके बाद पीड़िता ने घटना के बारे में अपने परिवार को बताया। घटना का पता लगने के बाद पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया।