राजस्थान संकट पर भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कहा, 'राजस्थान संकट केवल राहुल गांधी और उनके खानदान की वजह से है क्योंकि वो इतना अपमान करते हैं लोगों का, उन्हें नीचा दिखाते है। खुद काम करना नहीं चाहते, खुद मेहनत करना नहीं चाहते हैं और उनके साथ हीं हीं करने वाले लोग ही सरकार में रहे ये चाहते हैं। तेजस्वी, युवा, बुद्धिमान को वो बर्दाश्त ही नहीं करते। आपने उनकी इतनी बेइज्जती की उनके सामने कोई रास्ता ही नहीं बचा ये टकराव करने का। वो राजेश पायलट के बेटे हैं। राजेश मेरे भाई जैसे थे। हमारे उनके साथ बड़े आत्मीय संबंध थे। इसलिए मुझे पता है कि वो कितने स्वाभिमानी परिवार से हैं। कैसे वो जी पाया होगा इतने सालों से, मैं जानती हूं कितना अपमान होता है कांग्रेस में। ये राहुल गांधी जब तक कांग्रेस खानदान में रहेंगे ये पार्टी पाताल में चली जाएगी।'
सचिन पायलट को दे रहे हैं दूसरा मौका: अविनाश पांडे
राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा, 'हम सचिन पायलट को दूसरा मौका दे रहे हैं, उनसे आज की विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए कहा है। मुझे उम्मीद है कि आज सभी विधायक आएंगे और नेतृत्व को एकजुटता देंगे जिसके लिए राजस्थान के लोगों ने मतदान किया था। हम सभी राज्य के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।'
हम बहुमत परीक्षण की मांग नहीं कर रहे हैं: सतीश पूनिया
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा, 'कांग्रेस दावा करती रही है कि उनके नेता एकजुट हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि आंतरिक विवाद हैं, जिसके कारण, सचिन पायलट को अपमान का सामना करने के बाद पार्टी छोड़नी पड़ी। वर्तमान में हम बहुमत परीक्षण की मांग नहीं कर रहे हैं।'
सचिन पायलट के बैठक में शामिल होने पर संशय बरकरार
सचिन पायलट के आज की विधायक दल की बैठक में शामिल होना मुश्किल लग रहा है। उपमुख्यमंत्री के एक करीबी सूत्र का कहना है कि इस मामले के निपटारे के लिए हाईकमान की ओर से सही कदम नहीं उठाया गया है। हमें आश्वासन नहीं मिला है कि हमारी बातें सुनी जाएंगी या नहीं। सूत्रों की मानें तो पायलट ने संकेतों से साफ कर दिया है कि वो राज्य के नेतृत्व में बदलाव चाहते हैं और इससे कम पर वे नहीं मानेंगे।
पायलट के सीएलपी में शामिल होने की संभावना कम: सूत्र
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अहमद पटेल, पी चिदंबरम और केसी वेणुगोपाल ने कई बार सचिन पायलट से बात की है, लेकिन आज उनके विधायक दल की बैठक में शामिल होने की संभावना कम है। यह जानकारी सूत्रों ने दी।
विधायक दल की बैठक से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अविनाश पांडे ने सचिन पायलट से बैठक में आने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मैं सचिन पायलट और उनके सभी साथी विधायकों से अपील करता हूं की वे आज की विधायक दल की बैठक में शामिल हों। कांग्रेस की विचारधारा और मूल्यों में अपना विश्वास जताते हुए कृपया अपनी उपस्थिति निश्चित करें व श्रीमती सोनिया गांधी जी व श्री राहुल गांधी जी के हाथ मजबूत करें।'
फेयरमोंट होटल में कसरत करते दिखे मंत्री और विधायक
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री बीडी कल्ला और कांग्रेस विधायक रामनारायण मीणा, हाकम अली और गोपाल मीणा जयपुर के फेयरमोंट होटल में कसरत करते हुए नजर आए। होटल में ठहरने वाले राज्य मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाग लिया था।