सराफा बाजार में पुलिस से बात करते व्यापारी
- फोटो : अमर उजाला
कल देर रात शहर के सराफा बाजार में चोरों ने दो दुकानों पर चोरी करने का प्रयास किया लेकिन एक दुकान का सेंटर लॉक नहीं खुलने से चोर वहां अपना काम नहीं कर सके। सोने-चांदी की रिफायनिंग के काम की दूसरी दुकान में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए ढाई सौ ग्राम चांदी समेत 7 ग्राम सोना और सात हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित अमित देवधर पुत्र प्रताप देवधर ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके यहां सोने-चांदी की रिफाइनिंग और गलाई, पकाई का काम किया जाता है। रविवार की देर शाम वे दुकान बंद कर घर गए थे। आज सुबह उन्हें दुकान का आधा शटर खुला मिला। उनकी दुकान से चोर करीब सात हजार की नकदी, ढाई सौ ग्राम चांदी और 7 ग्राम सोना चुराकर ले गए। पास की मनोज वर्मा उर्फ लल्लू पुत्र रामदयाल वर्मा की दुकान को भी चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया लेकिन वे उसमें सफल नहीं हो सके।
सराफा संघ के महामंत्री हरिशंकर मंगल ने बताया कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। चार महीने पहले उनकी दुकान में भी चोरी हुई थी, जिसका पुलिस आज तक पता नहीं लगा पाई है। लगातार बढ़ती चोरियों से स्थिति यह है कि नागरिक त्रस्त हैं, चोर मस्त हैं और पुलिस पस्त है।