राजस्थान के टोंक जिले के देवली में मंगलवार सुबह हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी। पुलिस ने महिला की हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नासिरदा थाना इलाके मंगलवार सुबह पुराने केकड़ी मार्ग पर मान्यता के समीप पुलिया स्थित पानी में महिला की लाश मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला का शव बाहर निकाला। मृत महिला की पहचान विमला देवी पत्नी धनराज और पुत्री दीवान मीणा निवासी गणेशपुरा थाना भिनाय के रूप में हुई थी। महिला वर्तमान में कंवर जी का कालेड़ा थाना सावर में रहती थी।
पुलिस ने बताया कि पति से मनमुटाव के कारण विमला अपने पीहर में रह रही थी। विमला का उसके गांव के छोटूलाल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को किसी बात पर उनका विवाद हो गया जिसके बाद उसने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने विमला देवी की गर्दन, कमर और पैरों को बांधकर मिट्टी के कट्टे डालकर पानी में फेंक दिया है, ताकि शव का पता नहीं लग सके।
आरोपियों ने जिस जगह पर शव फेंका वहां पानी ज्यादा नहीं था, इससे शव दिखाई दे दिया। मामले में मृतका के बड़े पिता रघुवीर सिंह मीणा ने हत्या का केस दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद मृतका के गांव के ही छोटूलाल लोधा पुत्र बजरंग लाल लोधा और सांवरिया पुत्र शिवजीराम लोधा निवासी कवरजी का कालेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।