जयपुर में हुई कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी के बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। राहुल के हिंदू और हिंदुत्व वाले बयान पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अपने आपको हिंदू कह रहे है मुझे केवल इतना ही बता दीजिए कि आपकी तीन पीढ़ी ने हिंदुओं का कोई त्योहार मनाया क्या?
उन्होंने कहा कि अगर आपकी तीन पीढ़ी ने होली, दिवाली, रक्षाबंधन सहित कोई भी हिंदू पर्व अपने घर में मनाया हो तो उसका फोटो दिखा दीजिए। ताकि यह पता लगे कि आप भी हिंदू की तरह तीज-त्योहार मनाते हैं। जिस मुद्दे को आप उठा रहे हैं, उस मामले में आपको अपने वरिष्ठों से जानकारी ले लेनी चाहिए थी। क्या आपसे वरिष्ठ नेता और परिवार के लोगों को भी यह ज्ञान नहीं था कि हिंदू क्या है और हिंदूवादी क्या?
उन्होंने कहा कि जहां तक मैं सोचता हूं कि इस प्रकार लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना चाहते हैं। ये लोगों का ध्यान अपनी तरफ करने के लिए हिंदू और हिंदुत्व जैसी बहस में लोगों को बांटना चाहते हैं। महंगाई का विरोध करना कांग्रेस का आंदोलन नहीं है। ये तो सिर्फ पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक मोर्चा बनाने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि यह नहीं है चलने वाला। पीएम मोदी ने जिस ढंग से देश को आगे बढ़ाया किया है। गरीबों के लिए योजनाएं चलाई हैं और भ्रष्टाचार घटाया है। उस व्यक्ति का मुकाबला आप नहीं कर सकते। दरअसल, राहुल गांधी ने रविवार को जयपुर की रैली में कहा था कि हिंदू और हिंदुत्ववादी अलग हैं। राहुल ने कहा था कि हिंदु सामने से वार करता है और हिंदुत्ववादी पीछे से।