राजस्थान सरकार ने राज्य में शिक्षकों की भर्ती के लिए होने वाली राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) में नकल में संदिग्ध भूमिका सामने आने पर सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा को निलंबित कर दिया।
इस संबंध में राजस्थान सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा को रीट परीक्षा 2021 में संदेहास्पद भूमिका होने के कारण राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
आदेश के अनुसार निलंबन काल में मीणा का मुख्यालय निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर होगा।