उदयपुर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने दोस्त के पिता से फोन कर 50 लाख की फिरौती मांगने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी मनोज कुमार ने बताया 30 मार्च को रहट वाली घाटी निवासी प्रॉपर्टी डीलर जीवन दास उर्फ राजू दास ने थाना प्रताप नगर में एक केस दर्ज कराया था।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 मार्च की शाम किसी ने कॉल कर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपये मांगे थे। इसके बाद भी दो-तीन बार व्हाट्सएप पर मैसेज और कॉल कर फिरौती की मांग की गई। 50 लाख रुपये नहीं देने पर धमकियां भी दी गईं।
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी की पहचान गांव नीचला थाना ऋषभदेव उर्फ अभिजीत निवासी उदयपुर के रूप में हुई है। अभिजीत पीड़ित व्यापारी जीवन दास के बेटे यशवंत का दोस्त है। वह यशंवत के साथ घर आता रहता था। इस कारण उसे पता था कि उसके पिता के पास काफी पैसा है। अभिजीत ने अपने दोस्त नरेंद्र उर्फ बंटी के साथ मिलकर फिरौती की योजना बनाई और बंटी से 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरे कॉल करवाए।
मामले की जांच के लिए थानाधिकारी प्रतापनगर दर्शन सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन कर अभिजीत और नरेंद्र को डिटेन कर पूछताछ की तो उन्होंने फिरौती की मांग करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।