राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल शनिवार को पाली पहुंची और शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल में अध्यापक द्वारा छेड़खानी की घटना की जानकारी ली। निजी शिक्षण संस्थानों ने भी स्कूल में तोड़फोड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष से की है। साथ ही जिले भर के निजी स्कूल बंद करने की चेतावनी दी है।
बेनीवाल ने चार वर्षीय मासूम स्कूली बालिका से मुलाकात कर परिजनों से प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने बच्ची के घर जाकर उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली और संबल दिया। उन्होंने बच्ची से भी बातचीत की, उन्होंने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई। तब बेनीवाल ने जांच के बाद उचित कार्रवाई की बात कही।
स्कूल का निरीक्षण कर देखे सीसीटीवी फुटेज
अध्यक्ष ने संबंधित स्कूल का निरीक्षण कर प्रिंसिपल स्टाफ से बात की और वीडियो फुटेज भी देखे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूलों में अध्यनरत चार वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए बालिका के परिजनों और नागरिकों द्वारा स्कूल में की गई। तोड़फोड़ के विरोध में शनिवार को जिले भर के निजी स्कूल के शिक्षकों ने प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन सौंपा।
स्टाफ के साथ मारपीट का लगाया आरोप
इस ज्ञापन में बताया गया कि विवेक उच्च माध्यमिक विद्यालय सोसायटी नगर में शुक्रवार को असामाजिक तत्वों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से नाजायज रूप से रोड जाम कर विद्यालय में अनाधिकृत प्रवेश कर तोड़फोड़ की गई एवं उत्पात मचाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय की सम्पत्ति को भी नुकसान पंहुचाया तथा विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ मारपीट की। इस घटना में संस्था प्रधान को चोटें आईं एवं खून-खराबा देखकर स्टाफ एवं विद्यार्थियों तथा विद्यालय में निवासरत संचालक के 85 वर्ष की बीमार माताजी सहित महिलाओं एवं बच्चों को बंद रखा गया।
प्रदर्शनकारियों ने किया ब्लैकमेल
ज्ञापन में बताया गया कि इन प्रदर्शनकारियों ने भय व दशहत का माहोल पैदा कर विद्यालय की छवि को भारी नुकसान पहुंचाया और विद्यालय व्यवस्थापक से नाजायज रूप से ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की। ज्ञापन में एसपी से मांग की गई कि विद्यालय में इस प्रकार की घटना के दोषी असमाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। ऐसा नहीं होने पर पाली के समस्त निजी विद्यालय अनिश्चित काल के लिए बंद रखने की चेतावनी दी गई।
यह है मामला
गौरतलब है कि शहर में संचालित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली बालिका के साथ इसी स्कूल के शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को आक्रोशित नागरिकों ने प्रदर्शन कर स्कूल में तोड़फोड़ की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था।
शुक्रवार को हुआ था हंगामा
दरअसल, औद्योगिक थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल में अध्ययनरत चार वर्षीय बालिका के परिजनों ने इसी स्कूल के शिक्षक पर बालिका के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि इसी महीने की 22 तारीख को स्कूल में अध्यापन करवाने वाले शिक्षक रवि वागोरिया ने मासूम के साथ छेड़छाड़ की। बालिका की मां का आरोप है कि 22 सितंबर को जब वह अपनी पुत्री को लेने स्कूल गई, तब उसके कपड़ों पर खून के धब्बे थे और वह दर्द से चिल्ला रही थी। अब इस मामले में निजी स्कूल भी एकजुट होकर इस मामले की निष्पक्ष जांच एवं स्कूल पर हुए हमले में लिप्त लोगों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं।