गिरफ्तारी की मांग लेकर पेट्रोल पंप पर एकजुट हुए ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
पाली में पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर बिना पैसे दिए भाग रहे स्कॉर्पियो सवारों को रोकने के प्रयास में सेल्समैन की जान चली गई। स्कॉर्पियो को रोकने के लिए सेल्समैन ने प्रयास किया। हादसे में वो बुरी तरह घायल हो गया। उसे जोधपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंप पर बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और परिचित एकजुट हो गए।
सदर थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार बीती रात पुनायता बाईपास के पेट्रोल पंप पर बिना नम्बर की सफेद स्कॉर्पियो आई। यहां पर स्कॉर्पियो चालक ने पंप पर नियुक्त कर्मचारी विशाल पुत्र कानाराम से तीन हजार रुपये का डीजल भरवाया। इसके बाद चालक बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर भागने लगा। तभी विशाल कार के पीछे दौड़ा और खिड़की पर लटक गया।
ये देख स्कॉर्पियो सवार बदमाश गाड़ी तेजी से भगाने लगा। इस दौरान विशाल का हाथ फिसला और वो सिर के बल गिर गया। वहीं दूसरी ओर परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार सवारों ने लोगों ने उसे धक्का देकर गिराया है। इस घटना के बाद घायल विशाल को बांगड़ अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसको जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहां देर रात उपचार के दौरान विशाल की मौत हो गई।
युवक की मौत जानकारी मिलने पर रविवार सुबह बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और परिचित पेट्रोल पंप पर जुट गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ़ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं घटना को लेकर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने एसपी चूनाराम जाट से बात की। दूसरी ओर भारी संख्या में मृतक के समाज बंधु पेट्रोल पंप पर एकत्र हो गए और हत्या के आरोपियों को पकड़ने की मांग की। जिस पर एसपी चुनाराम जाट सहित आरएसी, क्यू आर टी और पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और समझाइश कर मामले को शांत करवाया।