पाक नागरिकों को मिली भारतीय नागरिकता
- फोटो : Amar Ujala Digital
पाकिस्तान से भारत आए परिवारों को भारतीय नागरिकता मिलने का रास्ता साफ हो गया है। डिप्टी कमिश्नर जोधपुर ने पाकिस्तान से आकर जोधपुर में 21 सालों से रह रहे परिवारों को नागरिकता देने से पहले शपथ दिलवाने की औपचारिकता पूरी कर दी है। अब शीघ्र ही इन्हें भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र मिल जाएगा।
जिला मुख्यालय में पाकिस्तान से आए तीन परिवारों गोपाल चंद, गुरदयाल चंद (दोनों भाई) और शीलावंती पत्नी गुरदयाल चंद को भारतीय नागरिकता की शपथ दिलाई गई। यह तीनों परिवार साल 2001 में सियालकोट पाकिस्तान छोड़ कर आ गए थे। भारत में आने के बाद यह जोधपुर की बस्ती गुजां में बस गए थे। इन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था।
अप्लाई करने के छह महीने बाद आज इनकी नागरिकता के लिए औपचारिकताएं पूरी करवाई गईं। गोपाल चंद ने शपथ लेने के बाद बताया कि उनकी तरफ से 2009 में भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन दिया गया था लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। अभी छह महीने पहले ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसके बाद आज उनको नागरिकता की शपथ दिलाई गई है।