झुंझुनूं डिपो में नई बसों का स्वागत।
- फोटो : Amar Ujala Digital
लंबे इंतजार के बाद झुंझुनूं डिपो को अनुबंध पर नौ नई बसें मिली हैं। ये बसें बीएस-6 श्रेणी की हैं। इन बसों को अधिकतम लाभ देने वाले झुंझुनूं-दिल्ली मार्ग पर संचालन शुरू कर दिया गया है। इस आगार में पिछले तीन साल में एक भी नई बस नहीं आने व पुरानी बसों के नाकारा होने से आगार की आय और यात्री भार में गिरावट आ रही थी।
इससे पहले झुंझुनूं डिपो में 81 बसें ऑन रोड थीं। इनमें से 14 बसें अनुबंध पर चल रही हैं। नौ नई बसों के आने से डिपो में बसों की संख्या बढ़कर 90 हो गई। हालांकि इन बसों के आने के बाद पहले से चल रही अनुबंधित बसों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अनुबंधित बसें पांच साल के लिए ली जाती हैं। पहले से चल रही बसों को सात साल हो गए हैं। इन बसों का संचालन कोरोना काल की वजह से दो साल बढ़ाया गया था, जिसमें से तीन बसें इस महीने हट जाएंगी। अगले महीने अगस्त में सात बसों का टाइम पीरियड पूरा हो जाएगा। सितंबर में एक और अक्टूबर में तीन बसें हट जाएंगी। अब जो नई बसें अनुबंध पर ली जा रही हैं ये पांच साल के लिए ली जा रही हैं।
छह और बसें मई में मिलेगी
इन 9 बसों के अलावा झुंझुनूं को छह और बसें मिलेगी। कुल 16 बसे झुंझुनूं आगार को मिलेगी। नए बसें आने से आगार व यात्रियों को फायदा मिलेगा। डिपो की आय में भी वृद्धि होगी।
झुंझुनूं-दिल्ली मार्ग पर संचालन शुरू
झुंझुनूं डिपो के चीफ मैनेजर राकेश गढ़वाल ने बताया कि झुंझुनूं आगार को अनुबंध पर नौ नई बसें मिली हैं। छह बसें और मिलेंगी। इनका झुंझुनूं-दिल्ली मार्ग पर संचालन शुरू किया है। नई बसों के आने से आगार की आय और यात्री भार में बढ़ोतरी होगी।