नागौर में बिजली उपभोक्ताओं पर कार्रवाई
- फोटो : Amar Ujala Digital
नागौर डिस्कॉम टीम ने मकराना में अवैध विद्युत कनेक्शन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। डिस्कॉम ने ग्यारह उपभोक्ताओं से 7 लाख 77 हजार 256 रुपए की वसूली की और सात उपभोक्ताओं के मीटर उतार दिया। डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं के खंभे से ही बिजली कनेक्शन काट दिए।
मकराना डिस्कॉम के अधिशाषी अभियंता बी एल गोदावत ने बताया कि उपभोक्ताओं ने बिजली उपभोग के बिल जमा नहीं करवाए थे। जिस पर डिस्कॉम ने उनके कनेक्शन काट दिए। बिल जमा करवाकर वैध तरीके से कनेक्शन वापस करवाने की बजाय बकायादारों ने अपने ही स्तर पर कनेक्शन वापस जोड़ लिए।
बकायादारों द्वारा अवैध तरीके से कनेक्शन कर बिजली का उपभोग करने की शिकायत मिलने पर मकराना शहरी सहायक अभियंता एस के रावल के नेतृत्व में डिस्कॉम की टीम चिन्हित स्थानों पर पहुंची, जहां पर दो मस्जिद इलाके में चार, खाती टीबा में दो, स्टेशन रोड पर दो और कसाई गली में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर मीटर ही उतार लिए। साथ ही सभी को चेतावनी दी कि वे विभाग का बिल जमा करवा दें अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनसे वसूला गया जुर्माना
इस दौरान मोहम्मद अली पुत्र अब्दुल रहमान खत्री पर 2 लाख 63 हजार 750 रुपया का जुमार्ना लगाया गया। इसी प्रकार मोहम्मद इकबाल पुत्र अब्दुल रहमान खत्री पर 48 हजार 761 रुपये, मोहम्मद असफाक खत्री पर 78 हजार 500 रुपए और मुमताज पुत्र बिलालुद्दीन चौधरी पर 3 लाख 43 हजार 167 रुपये का जुर्माना लगाया गया।