नागौर में महिला को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार 35 साल का आरोपी हुकमाराम जाट थाना श्रीबालाजी के सुरजाना सथेरण इलाके का रहने वाला है। सदर थाना पुलिस ने रविवार को चूंटीसरा गांव से आरोपी को पकड़कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि 12 जनवरी को पीड़ित महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि हुकमाराम का 9-10 साल से उनके घर आना-जाना था। लगभग 3-4 साल पहले वह उनके घर आया था। उस समय वह घर में अकेली थी और बाथरूम में नहा रही थी। बाथरूम के गेट नहीं थे, हुकमाराम ने नहाते हुए उसके अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए।
ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाएं...
एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि उन अश्लील फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर हुकमाराम ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में अकेले मिलने की कहकर धमकी देता रहा। अब बदनाम करने की नीयत से उसने फोटो और वीडियो फेसबुक पर वायरल कर दिए हैं। इस रिपोर्ट पर आईपीसी की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत थाना श्री बालाजी पर मुकदमा दर्ज किया गया।
गुजरात बॉर्डर पर चूंटीसरा गांव से गिरफ्तार...
एसपी जोशी ने बताया कि आरोपी घटना के वक्त से ही फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, सीओ विनोद कुमार सीपा के सुपरविजन और थाना अधिकारी सदर रुपाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपी की जानकारी जुटाकर रविवार को आरोपी के गुजरात भागने की सूचना मिली, जिसे टीम ने गुजरात बॉर्डर पर चूंटीसरा गांव से गिरफ्तार कर लिया।