हैंडबॉल में दिखाएंगी जौहर बेटियां
- फोटो : सोशल मीडिया
अम्मान (जॉर्डन) में सात से 14 फरवरी तक होने वाले एएचएफ प्रेसीडेंट कप सीनियर महिला हैंडबॉल में भाग लेने के लिए भारतीय महिला हैंडबॉल टीम सोमवार को अम्मान के लिए रवाना हो गई। भारतीय हैंडबॉल टीम में राजस्थान की पूजा कंवर, प्रिया कंवर राठौड़ और चंपा का चयन हुआ है। जबकि टीम के कोच प्रदेश के प्रियदीप सिंह खंगारोत को बनाया गया है।
राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया, राइट बैक की पोजिशन पर खेलने वाली पूजा कंवर इससे पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन चैंपियनशिप में खेल चुकी हैं। जबकि पीवट की पोजीशन पर खेलने वाली प्रिया कंवर राठौड़ और गोलकीपर की पोजिशन पर खेलने वाली चंपा पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। वहीं, टीम के कोच बनाए गए प्रियदीप सिंह खंगारोत राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद में हैंडबॉल प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे भारतीय टीम के वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप और सैफ गेम्स में प्रशिक्षक रह चुके हैं।
'देश और प्रदेश को बड़ी उम्मीद'
क्रीड़ा परिषद के तेज राज सिंह ने बताया, तीनों ही खिलाड़ियों से देश और प्रदेश को बड़ी उम्मीद है। भारतीय टीम की इस टूर्नामेंट को जीतने की संभावना बहुत ज़्यादा है, भारत की जीत में राजस्थान के तीन खिलाड़ी और कोच की अहम भूमिका है, जिसको लेकर राजस्थान के खिलाड़ियों में ख़ासा उत्साह है। भारतीय टीम में राजस्थान की तीन बेटियों का चयन प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगा और आने वाले समय में राजस्थान के और भी खिलाड़ी भारत के लिए खेलेंगे और प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।