बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 11 पर गुरुवार शाम ट्रक को ओवरटेक करने में बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार मां-बेटे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे हैं। घायलों का पीबीएम अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस के अनुसार हादसे में आमने-सामने की टक्कर में कार का अगला हिस्सा बस के नीचे फंस गया। हादसे में कार चालक वीरेन्द्र हुड्डा और उसकी मां परमेश्वरी देवी की मौके पर मौत हो गई। वीरेन्द्र की पत्नी सरस्वती देवी एवं बेटे हितेश और बेटी हिमांशी घायल हुए हैं। घायलों में हितेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सरस्वती यहां एक सरकारी स्कूल में टीचर है। हादसे में वीरेंद्र कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस हवलदार भगवाराम और हवासिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को पहले श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को पीबीएम बीकानेर भेज दिया गया।
मां और बेटा बैठे थे आगे
जानकारी के अनुसार मृतक वीरेन्द्र की पत्नी सरस्वती देवी रानासर गांव के सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। यह लोग परिवार के साथ अपने गांव झुंझुनूं के मंडावा के जिनवा लौट रहे थे। इसी दरम्यान यह हादसा हो गया। वीरेन्द्र हुड्डा और उसकी मां परमेश्वरी देवी दोनों आगे बैठे थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी और दो बच्चे पीछे बैठे थे, जो गंभीर रूप से घायल हैं। चालक वीरेन्द्र और उसकी मां परमेश्वरी देवी के शव को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने शवों को बाहर निकालने में मदद की।