राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के जंक्शन थाना इलाके में आईटीआई आबादी के पास शनिवार दोपहर एक अधेड़ ट्रेन से टकरा गया। गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आईटीआई आबादी में ही रहता था और शादीशुदा भी था। परिजनों ने उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने की बात कहकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर दिया। इसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
जंक्शन पुलिस थाना के एएसआई रोहताश कुमार ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि दोपहर करीब 12.30 बजे आईटीआई आबादी के सामने एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति का शव रेलवे लाइन के पास पड़ा था।
मौके पर मौजूद सरवण सिंह पुत्र बलवीर सिंह बाजीगर निवासी वार्ड 2, आईटीआई आबादी जंक्शन ने बताया कि मृतक उसका भाई गुरदीप सिंह (45) है। उसकी दिमागी हालत पिछले कुछ दिनों से खराब थी। इसके चलते गुरदीप सिंह ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। उनको मौत को लेकर किसी पर कोई शक नहीं है। एएसआई रोहताश कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करवाने से मना करने पर शव पोस्टमॉर्टम करवाए बिना परिजनों को सौंप दिया।