शादियों के सावे चल रहे हैं और जहां देखो वहीं शादी समारोह की धूम मची हुई है। शहर के हर गली और मोहल्ले में कहीं न कहीं शहनाई और बैंड-बाजे बजते हुए नजर आ जाते हैं। शादी समारोह की धूम के बीच कोटा शहर में लड़ाई झगड़े का मामला सामने आया। कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में दूल्हा और पड़ोसी पक्ष सड़क पर टेंट लगाने की बात को लेकर आपस में उलझ गए। बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट होने लगी। मारपीट और बीच-बचाव के उहापोह में महिलाएं भी नजर आईं। जब मामले में कुन्हाड़ी पुलिस का दखल हुआ तो पुलिस ने दूल्हा पक्ष के तीन लोगों को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो पक्षों को सड़क पर मारपीट करते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। मारपीट में महिलाएं भी नजर आ रही हैं। इस झगड़े में कुछ लोगों के हाथ में लाठी और डंडे भी नजर आ रहे हैं। मामले में कुन्हाड़ी थाना पुलिस के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि शांति भंग के मामले में कार्रवाई की गई है। दूल्हे, दूल्हे के पिता और दूल्हे के मित्र को गिरफ्तार किया गया है। मामले में जब एक पक्षीय कार्रवाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारी ही इस मामले में कुछ बता सकते हैं।
अब समझिए पूरा मामला...
कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के नांता श्रीराम कच्ची बस्ती में रहने वाले पंकज राठौड़ के यहां गुरुवार को लग्न आना है। इसकी तैयारियों को लेकर रात को ही आवास के सामने गली में ही टेंट लगाया जा रहा था। पड़ोसी पूरणमल सैनी ने रास्ता बंद होने को लेकर आपत्ति जताई। टेंट लगाने की बात को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हो गया। पड़ोसियों ने रास्ता बंद होने को लेकर टेंट नहीं लगाने दिया, जिस पर दोनों पक्ष आपस में झगड़ पड़े। एक पक्ष के पंकज राठौड़ का कहना है कि उनके पिता प्रहलाद, दूल्हे चंद्रप्रकाश और उसके मित्र धर्मराज गुर्जर को पुलिस पकड़कर ले गई और शांति भंग में गिफ्तार कर लिया।
जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई ही नहीं की। पंकज का कहना है कि झगड़े के दौरान उनके पड़ोस के कुछ लोग आए और उनके घर की खिड़की, दरवाजे और कांच तोड़कर चले गए। सभी के हाथो में डंडे और हथियार थे। दूल्हे पक्ष का कहना है कि सारा मामला पुलिस के सामने ही घटित हुआ, फिर भी पुलिस ने सामने वाले पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि उनके लोगों को बेवजह गिरफ्तार कर लिया।
मामले में जब अन्य लोगों से जानकारी चाही गई तो पता लगा कि पूरणमल सैनी और प्रह्लाद राठौड़ के परिवार के बीच कुछ समय पहले भी झगड़ा हुआ था। तब प्रह्लाद की गाय के पूरणमल के ट्रैक्टर से टक्कर लग गई थी और दोनों परिवारों में आपस में मारपीट हो गई थी। उस वक्त भी पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद करते हुए गिरफ्तार किया था।