राजस्थान के जोधपुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 5,900 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाल आमसभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा, मिशन 2030 का विजन डॉक्यूमेंट जारी करने के लिए प्रदेश के मुखिया ने राजस्थान के कई स्वयंसेवी संस्थाओं को आमंत्रित किया है। उसमें पीएफआई जैसे आतंकवादी संगठन को भी राजस्थान के विकास में योगदान के लिए सुझाव देने के लिए बुलाया है, जो लिस्ट में 43वें नंबर पर हैं। इन्हें भूलना नहीं चाहिए कि मारवाड़ की भूमि ने मुगलिया सल्तनत को अनेक बार धूल चटाई है। अब इस मुगलिया सोच वाली सरकार को जनता ऐसा सबक सिखाएगी कि यह सनातन धर्म और भगवा ध्वज का अपमान करना भूल जाएगी।
उन्होंने कहा, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पौने पांच साल किसान, युवा और महिलाओं को खून के आंसू रूलाया, भगवा ध्वज का अपमान करवाया। महिला दुष्कर्म और दलितों पर अत्याचार के रिकॉर्ड बनते रहे और अब राजस्थान के मुखिया मिशन और विजन को बात कर रहे हैं।
सीपी जोशी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर सहित चित्तौड़गढ़, अजमेर, बीकानेर, दौसा, नाथद्वारा और आबूरोड सहित राजस्थान में पिछले दो महीने में जितने विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया है, इतना विकास कार्य तो कांग्रेस राज के 60 साल में भी नहीं हुए। इसलिए जनता कहती है कि मुखिया मुख सों चाहिए, खान पान को एक, पालै पोसै सकल अंग, तुलसी सहित विवेक।
जोशी ने कहा, देश का मुखिया वह होता है, जो दुनिया में सिरमौर बना देता है, गरीब कल्याण की बात करता है, सभी को साथ लेकर चलता है। इसलिए देश की जनता सपने नहीं हकीकत बुनती है। इसलिए मोदी को चुनती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काम और परिणाम बोलता है, इसलिए जनता उन्हें स्नेह करती है।